औरंगाबाद में नशामुक्ति का संदेश लेकर मैदान में उतरे युवा, फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन
औरंगाबाद में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बृहद आश्रय गृह, बभंडी के मैदान में फैंसी क्रिकेट मैच आयोजित हुआ। अधिकारियों और कर्मियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
तस्वीर में औरंगाबाद के बृहद आश्रय गृह मैदान में नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत आयोजित फैंसी क्रिकेट मैच के दौरान अधिकारी ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं।
औरंगाबाद में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को खेल से जोड़ते हुए फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, औरंगाबाद के तत्वावधान में बृहद आश्रय गृह, बभंडी, औरंगाबाद के मैदान में नशामुक्ति जागरूकता को लेकर यह आयोजन हुआ।
फैंसी क्रिकेट मैच का उद्देश्य युवाओं एवं आमजनों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। मैच में सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग महेशानंद के नेतृत्व में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं जिला बाल संरक्षण कोषांग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान खेल के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया गया। नियमित रूप से खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर युवा अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ शिक्षा, रोजगार, करियर निर्माण एवं सामाजिक विकास में भी प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। युवाओं एवं आमजनों से नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।
फैंसी क्रिकेट मैच के माध्यम से “नशा छोड़ें, जीवन से जुड़ें” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। आयोजन में खेल और जागरूकता को माध्यम बनाकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया गया।