मदनपुर में दो मासूमों की डूबने से मौत, 24 घंटे बाद बरामद हुए दोनों के शव
औरंगाबाद के मदनपुर के सलैया थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में चार और 12 वर्षीय बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों शव 24 घंटे बाद बरामद हुए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
तस्वीर में दिख रहे ग्रामीण और परिजन औरंगाबाद के मदनपुर में बच्चों की मौत के बाद घर के बाहर एकत्र होकर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
औरंगाबाद के मदनपुर के सलैया थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव करीब 24 घंटे बाद बरामद किए गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पहली घटना पिरवां पंचायत के मुर्गी बिगहा की है। यहां घर से महज 50 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे बह रहे नाले में चार वर्षीय बच्चा खेलते-खेलते गिर गया। नाले में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बच्चे की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसी क्रम में तेतरिया बड़का आहर चहका के समीप उसका शव बरामद किया गया।
मृतक की पहचान मुर्गी बिगहा निवासी चंदन दास के इकलौते पुत्र चार वर्षीय रिशु कुमार के रूप में हुई है। इकलौते बेटे की मौत से मां ममता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, दूसरी घटना कठौतिया आहार में हुई, जहां 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कठौतिया गांव निवासी धर्मजीत यादव के पुत्र चंदन कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार पहाड़ की ओर गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह आहर में गिर पड़ा और डूबने से उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने चंदन कुमार की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसी क्रम में उसका शव पथलौटिया आहर से बरामद किया गया। मृतक कठौतिया निवासी धर्मजीत यादव का सबसे छोटा बेटा था। वह सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद से मृतक की मां संगीता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पिरवां पंचायत के मुखिया जनेश्वर यादव, सलैया पंचायत के मुखिया मनोज कुमार चौधरी एवं राजद नेता अवधेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घटनाओं पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की। दोनों बच्चों के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया।