औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के कंठी बिगहा गांव में करंट लगने से जान गंवाने वाले किसान बबन सिंह के घर जुटी ग्रामीणों की भीड़ और विलाप करते परिजन।

औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में खेत पर लगी फसल देखने गए एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना कंठी बिगहा के बधार की है। मृतक की पहचान गांव निवासी रघुनंदन सिंह के 45 वर्षीय पुत्र बबन सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बबन सिंह मंगलवार को अपने घर से खेत में लगी फसल देखने के लिए बधार की ओर गए थे। खेत में सिंचाई के लिए मोटर चलानी थी। इसी दौरान आशंका जताई जा रही है कि वह खेत के आसपास टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह अचेत होकर खेत के पास गिर पड़े। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर खेत के पास अचेत अवस्था में पड़े बबन सिंह पर पड़ी। ग्रामीणों ने शोर मचाकर उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बबन सिंह की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है। खेतों और बधार में टूटकर गिरे बिजली के तारों से होने वाले खतरे को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। उन्होंने बिजली विभाग से खेतों के आसपास बिजली के तारों की नियमित जांच कराने और टूटे तारों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने खेतों के आसपास टूटकर गिरे बिजली के तारों से होने वाले संभावित खतरे को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

Tags: