बेतिया के मलाही टोला में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, खूनी झड़प में पांच घायल, तीन की हालत गंभीर
बेतिया के मलाही टोला गांव में जमीनी विवाद खूनी झड़प में बदल गया। पांच लोग घायल हुए, जिनमें तीन गंभीर हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
तस्वीर में अस्पताल के वार्ड में दो घायलों का इलाज चल रहा है और पास में कुछ परिजन खड़े हैं।
पश्चिम चंपारण के बेतिया में जमीनी विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। लौरिया थाना क्षेत्र के मलाही टोला गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घटना शनिवार सुबह लौरिया थाना क्षेत्र के मलाही टोला गांव की है, जहां जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मनोज चौधरी, दिनेश चौधरी और लाल बाबू चौधरी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।
लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि जमीनी विवाद में मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है। मामले की जांच जारी है।