औरंगाबाद पुलिस का बड़ा अभियान: 48 गिरफ्तार, 21 भेजे गए जेल, 33 वारंट निष्पादित, अवैध शराब पर कार्रवाई

औरंगाबाद में पुलिस के विशेष अभियान में 48 लोग गिरफ्तार किए गए, 21 न्यायिक हिरासत भेजे गए। 33 वारंट निष्पादित कर अवैध शराब के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई।

Update: 2026-07-31 10:40 GMT

तस्वीरें में रात के समय पुलिस थाने में दो ढके मुंह वाले आरोपियों के साथ पुलिसकर्मी खड़े दिख रहे हैं।

औरंगाबाद जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा अपराधकर्मियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस क्रम में गुरुवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 21 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में रंगदारी के मामले में चार, दुष्कर्म के मामले में एक, हत्या के प्रयास के मामले में दो, मद्य निषेध अधिनियम के तहत सात तथा अन्य मामलों में 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही वाहन जांच अभियान के दौरान 1057 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 10,500 रुपये की शमन राशि वसूल की गई। अभियान के दौरान 33 वारंट का भी निष्पादन किया गया।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो तसला और एक भट्ठी ध्वस्त की गई, जबकि 2000 लीटर जावा महुआ विनष्ट किया गया। अभियान के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की गई।

पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि इस कार्रवाई की जद में जो भी लोग आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी के पास नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो उसे पुलिस के साथ साझा करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस का यह अभियान जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News