औरंगाबाद: तालाब में नहाने के दौरान पैर फिसला, आठ वर्षीय मासूम की डूबकर मौत
औरंगाबाद के मायापुर गांव में तालाब में डूबने से आठ वर्षीय मासूम की मौत, इकलौते बेटे को खोने से परिवार में मचा कोहराम, जानें पूरी घटना।
तस्वीर में (बाएं से दाएं) औरंगाबाद के बंदेया क्षेत्र में हुई घटना के बाद जमीन पर बैठकर रोती-बिलखती महिलाएं दिखाई दे रही हैं।
औरंगाबाद जिले के बंदेया थाना क्षेत्र अंतर्गत मायापुर गांव में तालाब में डूबने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रंजय यादव के आठ वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, रौशन शौच के लिए गया हुआ था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गहरे पानी में डूबने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि रौशन कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मां रंती देवी बेटे के वियोग में बार-बार बेहोश हो रही थीं, जबकि पिता रंजय यादव समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद मायापुर गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में आहर, तालाब और अन्य जलाशयों का जलस्तर बढ़ जाने से इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों को अकेले आहर, तालाब या नदी में स्नान करने के लिए न भेजें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।