राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के दर्शन के लिए भीलवाड़ा पहुंचे वंडर सीमेंट के वाइस चेयरमैन विमल पाटनी और डॉ. सैफी का श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

भीलवाड़ा में चातुर्मास के लिए विराजित राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के दर्शन करने रविवार, 25 अक्टूबर को किशनगढ़ निवासी प्रमुख समाजसेवी एवं वंडर सीमेंट के वाइस चेयरमैन विमल पाटनी पहुंचे। उन्होंने शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में आचार्यश्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उनसे मार्गदर्शन लिया। पाटनी मशहूर चिकित्सक डॉ. सैफी के साथ हेलिकॉप्टर से भीलवाड़ा पहुंचे थे।

विमल पाटनी ने सूर्यमहल में आचार्य पुलकसागर महाराज का वंदन-अभिनंदन किया। इस दौरान आचार्यश्री ने उनके पिता और ख्यातनाम समाजसेवी कंवरलाल पाटनी के हाल ही में हुए निधन को संपूर्ण जैन समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि कंवरलाल पाटनी जैसे सद्भावी और सेवाभावी व्यक्ति समाज की अनमोल धरोहर थे। उनके सेवा कार्यों को संघ और समाज सदैव याद रखेगा।

विमल पाटनी और डॉ. सैफी के भीलवाड़ा पहुंचने पर श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। समिति अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, सह संयोजक लोकेश अजमेरा, प्रेमचंद सेठी और कमल बड़जात्या ने पगड़ी एवं दुपट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान आचार्यश्री के दर्शन और मार्गदर्शन प्राप्त करने के साथ कंवरलाल पाटनी के सामाजिक योगदान को भी स्मरण किया गया।

Tags: