भीलवाड़ा में छःन्यात ब्राह्मण समाज संपत्ति ट्रस्ट के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डीके दाधीच का स्वागत करते समाजजन।

भीलवाड़ा। शहर की संजय कॉलोनी स्थित ब्राह्मणों की कुई में रविवार सुबह से ही मेले जैसा माहौल रहा। अवसर था छःन्यात ब्राह्मण समाज संपत्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष पद के निर्वाचन का, जिसमें समाज के विभिन्न घटकों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से डी.के. दाधीच को निर्विरोध अध्यक्ष चुना। समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए लिए गए इस निर्णय ने आपसी एकता और सामंजस्य का संदेश दिया।

इस निर्वाचन में ब्राह्मण समाज के सिखवाल, गुर्जरगौड़, सारस्वत, पारीक, दाधीच और खंडेलवाल समाज में से प्रत्येक के पांच-पांच सदस्य शामिल हुए। निर्धारित समय के अनुसार सुबह से ही ट्रस्ट के पुराने और नए सदस्यों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। नियत समय पर निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष लादू लाल व्यास, महामंत्री राजेन्द्र सारस्वत और कोषाध्यक्ष पीयूष पाठोदिया के अनुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद तिवाड़ी तथा सहायक चुनाव अधिकारी सुनील पारीक और मुकेश शर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लोकेश तिवारी ने किया।

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत सुबह 9 से 10 बजे तक नामांकन आवेदन प्रस्तुत किए गए। अध्यक्ष पद के लिए आठ प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने आवेदन जमा कराए। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और वैध आवेदनों की सूची जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित थी। छह प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद मैदान में दीपक सुल्तानिया और डी.के. दाधीच के नाम रह गए।

इसके बाद मौके पर मौजूद समाज के वरिष्ठजनों ने आपसी सहमति बनाने के लिए समझाइश की। समाजहित को प्राथमिकता देते हुए सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से डी.के. दाधीच के नाम पर सहमति जताई। इसके साथ ही उन्हें छःन्यात ब्राह्मण समाज संपत्ति ट्रस्ट का निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया। सर्वसम्मति से हुए इस निर्वाचन को समाज में एकता और सामंजस्य के उदाहरण के रूप में देखा गया।

निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डी.के. दाधीच को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर दाधीच ने समाज के सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजजनों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में सभी समाजों के प्रतिनिधियों का आशीर्वाद, सहयोग और मार्गदर्शन लेकर संगठन को नई गति प्रदान करना तथा उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

इस शुभ अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और मुंह मीठा कराकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छःन्यात ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्विरोध निर्वाचन के साथ ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर बनी सर्वसम्मति ने समाज के प्रतिनिधियों के सामूहिक निर्णय और संगठनात्मक एकता को रेखांकित किया।

Tags: