भीलवाड़ा में वीरांगनाओं का शौर्य शक्ति संचलन, तलवार-दंड वाहिनी के साथ निकलीं दुर्गा वाहिनी की बहनें
भीलवाड़ा में अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी ने शौर्य शक्ति संचलन निकाला। तलवार, दंड और पताका वाहिनी की भागीदारी के बीच विधायक अशोक कोठारी सहित नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर भीलवाड़ा में विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी द्वारा आयोजित शौर्य शक्ति संचलन में अनुशासित कदमताल करतीं कार्यकर्ताएं।
भीलवाड़ा में विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की ओर से अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य शौर्य शक्ति संचलन निकाला गया। अनुशासित कदमताल, घोष की थाप और जयघोष के बीच निकले इस संचलन में वीरांगनाओं ने भाग लिया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे संचलन का नागरिकों और विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
दुर्गा वाहिनी की महानगर सहसंयोजिका भारती आसवानी, अंबिका शर्मा और मातृशक्ति की विभाग संयोजिका गायत्री सोनी ने बताया कि शनिवार शाम 5 बजे नेहरू रोड स्थित मालियों के नोहरे से संचलन का शुभारंभ हुआ। घोष की थाप के साथ कदमताल करती वीरांगनाएं निर्धारित मार्ग से गुजरीं और वापस मालियों के नोहरे पहुंचकर संचलन का समापन हुआ।
संचलन नेहरू रोड से शुरू होकर शहीद चौक, धान मंडी, बड़ा मंदिर, सराफा बाजार, हिंदू महासभा कार्यालय, भीमगंज थाना, सिंघल हॉस्पिटल, बजरंगी चौराहा, गांधी बाजार, महाराणा टॉकीज़, माणिक्य नगर चौराहा, पटवा जी की गली, माली खेड़ा और ब्रज कोट के माता जी चौराहा से होते हुए वापस पहुंचा। पूरे मार्ग में कतारबद्ध वीरांगनाओं ने अनुशासन के साथ कदमताल की।
संचलन में दुर्गा वाहिनी की बहनें तलवार वाहिनी, दंड वाहिनी और पताका वाहिनी के रूप में विशेष रूप से कतारबद्ध होकर शामिल हुईं। उनके हाथों में भगवा ध्वज थे। अनुशासित तरीके से आगे बढ़ती वीरांगनाओं के उत्साह ने मार्ग में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
संचलन के दौरान शहरवासियों में उत्साह देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिक एकत्र हुए और तालियों के साथ वीरांगनाओं का स्वागत किया। शहर विधायक अशोक कोठारी भी मार्ग में उपस्थित रहे और उन्होंने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया। विभिन्न व्यापारिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मातृशक्ति का अभिनंदन किया।
अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस शौर्य शक्ति संचलन में अनुशासन, कदमताल और भगवा ध्वज के साथ दुर्गा वाहिनी की बहनों की भागीदारी रही। भीलवाड़ा के प्रमुख मार्गों से निकले संचलन को नागरिकों और संगठनों का स्वागत मिला।