सलावटिया में बंद होटल के बाहर मिला 20 से 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव, बीमारी से मौत की आशंका
भीलवाड़ा जिले के सलावटिया गांव में शनिवार को बंद होटल के बाहर 20 से 25 वर्ष के अज्ञात युवक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बीजौलिया थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। बीमारी से मौत की आशंका के बीच पुलिस पहचान के प्रयास कर रही है।
भीलवाड़ा जिले के सलावटिया गांव में शनिवार को एक बंद होटल के बाहर 20 से 25 वर्ष के अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर बीजौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रथम दृष्टया बीमारी के चलते युवक की मौत होने की आशंका जताई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
बीजौलिया थाने के दीवान राजू गुर्जर ने बताया कि शनिवार को ग्रामीणों ने सलावटिया गांव में एक बंद होटल के बाहर युवक का शव देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से घटना और मृतक के बारे में पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि युवक लंबे समय से गांव में घूमता रहता था और थैलियां बीनने का काम करता था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी गंभीर बीमारी के कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को बीजौलिया अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि युवक की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयासों में जुटी है।