तस्वीर में भीलवाड़ा के भदाली खेड़ा चौराहा के पास खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम वाहनों की जांच के दौरान जब्त किए गए संदिग्ध मावे के गठ्ठरों की पड़ताल करती हुई नजर आ रही है.

भीलवाड़ा में त्योहारी सीजन के दौरान मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक बस से करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध मावा बरामद किया। भदाली खेड़ा चौराहा से लांबिया टोल और होटल लैंडमार्क के बीच संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान मावा चार गठ्ठरों में भरा मिला। इसे निंबाहेड़ा ले जाया जा रहा था। संबंधित व्यक्ति और फर्म से संपर्क करने के प्रयासों के बावजूद कोई भी मावा लेने नहीं पहुंचा, जिसके बाद विभाग ने इसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार सुबह यह कार्रवाई की। जांच के दौरान बस में चार गठ्ठरों में ठूंसकर ले जाया जा रहा संदिग्ध मावा मिला। मामले में बस चालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मावा किसी अज्ञात व्यक्ति ने बस में रखवाया था और इसे निंबाहेड़ा भेजा जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बस चालक के माध्यम से संबंधित फर्म और मावा भेजने वाले व्यक्ति से संपर्क साधने की पूरी कोशिश की, लेकिन कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद कोई भी इसे लेने आगे नहीं आया। मावा संदिग्ध पाए जाने और आमजन के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रतीत होने पर विभाग ने इसे नष्ट करने का निर्णय लिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध मावा जब्त किया। इसके बाद मौके पर ही डंपिंग यार्ड बुलवाकर पूरे मावे को नष्ट करवा दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, नीरज मीना, संजय वर्मा, महेश पंड्या और प्रेम दत्त शर्मा सहित पूरी टीम मौजूद रही।

त्योहारी सीजन को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने आमजन से मिठाई और मावा खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच करने की अपील की। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के जरिए संदिग्ध खाद्य सामग्री की आपूर्ति पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाया गया।

Tags: