भीलवाड़ा में म्यूट बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी की आठ शिकायतें सामने आईं। पुलिस ने खाते में साइबर ठगी से प्राप्त करीब 18 लाख रुपये की राशि डेबिट फ्रीज करवा दी है।

सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस ने म्यूट खातों, चेक और एटीएम हॉटस्पॉट के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। इसी दौरान जांच के तहत यूको बैंक के एक खाते का बैंक से रिकॉर्ड प्राप्त किया गया। रिकॉर्ड की जांच में यह खाता अजय गाच्छा के नाम पर होना सामने आया।

इसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर खाते की जांच की गई। इसमें खाते के विरुद्ध साइबर धोखाधड़ी से संबंधित कुल आठ शिकायतें दर्ज मिलीं। शिकायतों और बैंक अभिलेखों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने खाताधारक अजय गाच्छा (26), पुत्र देवीलाल गाच्छा, निवासी बांस वाली गली, संजय कॉलोनी, भीलवाड़ा को डिटेन किया। अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी के जरिए करीब 18 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस राशि को डेबिट फ्रीज करवा दिया। अब फ्रीज की गई करीब 18 लाख रुपये की राशि को कानूनी प्रक्रिया के तहत पीड़िता को सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े गिरोह के अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

Tags: