राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में आम चुनाव दो चरणों में होंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने बताया कि भीलवाड़ा जिले में नगर निगम भीलवाड़ा सहित कुल 11 नगरीय निकायों में चुनाव होंगे। प्रथम चरण में नगर निगम भीलवाड़ा एवं नगर पालिका बीगोद में मतदान होगा, जबकि द्वितीय चरण में नगर पालिका आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, माण्डलगढ़ एवं बिजौलिया में चुनाव कराए जाएंगे।

सदस्य पदों के लिए 27 अगस्त 2026 को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त रहेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।

प्रथम चरण के लिए मतदान 9 सितंबर 2026 तथा द्वितीय चरण के लिए मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। मतगणना 14 सितंबर 2026 को की जाएगी।

अध्यक्षीय पदों के लिए 15 सितंबर 2026 को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर रहेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितंबर को अभ्यर्थिता वापस लेने के समय की समाप्ति के तुरंत बाद किया जाएगा।

अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात की जाएगी।

उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की तिथि 22 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रातः 11 बजे तक रहेगा। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी तथा अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। आवश्यकता होने पर मतदान अपराह्न 2.30 बजे से 5 बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार भीलवाड़ा जिले में चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। प्रथम चरण में नगर निगम भीलवाड़ा एवं नगर पालिका बीगोद तथा द्वितीय चरण में नगर पालिका आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, माण्डलगढ़ एवं बिजौलिया में चुनाव होंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं आमजन से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने में सहयोग का आह्वान किया है। इस तरह भीलवाड़ा जिले के 11 नगरीय निकायों में सदस्य, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया सितंबर में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी होगी।

Tags: