तस्वीर में सांगवा गांव की एक सड़क पर कांवड़ यात्रा निकालते हुए ग्रामीण और श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा। मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल और ‘मेवाड़ का हरिद्वार’ कहे जाने वाले मातृकुंडिया से 40 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर सांगवा के शिव भक्त 51 कांवड़ लेकर सांगवा स्थित शिव भंडार पहुंचे। कांवड़ यात्रा के गांव में प्रवेश करने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का भव्य और आत्मीय स्वागत किया।

संस्था के कोषाध्यक्ष नानूराम तेली ने जानकारी दी कि मंगलवार को सांगवा के ग्रामवासी मातृकुंडिया से पवित्र जल भरकर कांवड़ यात्रा लेकर रवाना हुए थे। गांव पहुंचने के बाद सभी शिव भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया और गांव तथा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

जलाभिषेक के बाद रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय गायकों और कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।

इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्री देव गौ सेवा संस्थान (सांगवा) के सभी सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच उदय लाल गाडरी, कोषाध्यक्ष नानूराम तेली सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और ग्रामीण मौजूद रहे। मातृकुंडिया से सांगवा तक 40 किलोमीटर की यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न हुई।

Tags: