तस्वीर में जिला अस्पताल के बाहर एम्बुलेंस और वाहन के पास खड़े लोगों की भीड़ नजर आ रही है।

 पुराने शहर के गुलमंडी इलाके में बुधवार को 22 वर्षीय युवक यासीन ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह सामान्य नजर आ रहा परिवार दोपहर तक गहरे मातम में डूब गया। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।

गुलमंडी निवासी जाकिर लोहार का 22 वर्षीय बेटा यासीन बुधवार सुबह सोकर उठा था। इसके बाद वह मकान की ऊपरी मंजिल स्थित कमरे में चला गया, जहां उसने फोन पर किसी से बातचीत की। बातचीत के बाद किन्हीं कारणों के चलते उसने फंदे पर लटककर जान दे दी।

दोपहर में परिजनों की नजर कमरे में यासीन पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन उसे तत्काल फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर भीमगंज थाने के सहायक उपनिरीक्षक शंभू लाल पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। यासीन के इस आत्मघाती कदम के पीछे क्या कारण था, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Tags: