नवाचार और वैज्ञानिक सोच का संगम, पीएम श्री बापूनगर में विज्ञान मेले में दिखे 30 प्रोजेक्ट
पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापूनगर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विज्ञान मेले का आयोजन हुआ। 30 प्रोजेक्ट्स में छात्राओं ने हाइड्रोलिक लिफ्ट, साइबर सेफ्टी और पर्यावरण से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए।
तस्वीर में जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ और प्रधानाचार्य सुनीता ननकानी पीएम श्री स्कूल के विज्ञान मेले में छात्राओं द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट्स का अवलोकन कर रहे हैं।
पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापूनगर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। मेले में छात्राओं ने वैज्ञानिक सोच, नवाचार और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर तैयार किए गए विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता ननकानी ने बताया कि विज्ञान मेले का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गङ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेले विद्यार्थियों में सृजनात्मक और तर्कपूर्ण चिंतन का विकास करते हैं।
विज्ञान मेले में कुल 30 प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए। इनमें जूनियर वर्ग के 17 और सीनियर वर्ग के 13 प्रोजेक्ट शामिल रहे। मेले में अनेक वर्किंग मॉडल भी प्रदर्शित किए गए, जिनमें छात्राओं ने हाइड्रोलिक लिफ्ट, साइबर सेफ्टी, वर्षा जल संरक्षण, जीवनोपयोगी गैजेट्स, प्रदूषण, ऊर्जा के गैर परंपरागत स्रोतों और ग्रीन स्कूल जैसे विभिन्न विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम संयोजक गौरव कुमारी ने बताया कि विज्ञान मेले का विद्यालय के सभी स्टाफ और लगभग 750 छात्राओं ने अवलोकन किया। मेले के दौरान आकर्षक सजावट की गई और छात्राओं के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रेणु, सीमा कोहली, शुभम खोईवाल, लक्ष्मी शर्मा, अमर ज्योति, सौरभ सिंह और हर्षित शर्मा का विशेष योगदान रहा। मेले में चयनित बालिकाएं अब जिला स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस तरह विद्यालय स्तर पर आयोजित विज्ञान मेले में छात्राओं के प्रोजेक्ट्स के माध्यम से नवाचार और वैज्ञानिक सोच को मंच मिला।