भीलवाड़ा। बड़लियास थाना क्षेत्र के रेणवास गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। खेत पर बने कुएं से विवाहिता कृष्णा का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बड़लियास थाने के एएसआई गोपाल सिंह के अनुसार, रेणवास निवासी कृष्णा पत्नी बद्रीलाल सुथार खेत पर गई थी। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह खेत पर बने कुएं के पास झाड़ियों में कृष्णा की चप्पलें मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसके बाद कुएं में तलाश की गई, जहां कृष्णा का शव तैरता हुआ मिला।

सूचना मिलने पर बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। मृतका के पिता हीरालाल सुथार निवासी अमरपुरा चित्तौड़गढ़ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी पुत्री कृष्णा की शादी जनवरी 2022 में बद्रीलाल के साथ हुई थी।

हीरालाल सुथार ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से ससुराल वाले कृष्णा को पीहर में परिजनों से बात नहीं करने देते थे। आरोप है कि उसे मोबाइल भी नहीं दिया जाता था। पिता के मुताबिक, इसी तरह की प्रताड़ना से परेशान होकर कृष्णा की जान गई है।

पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच मांडलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी गई है।

पीहर और ससुराल पक्ष की मौजूदगी में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने रेणवास गांव में मृतका का अंतिम संस्कार किया। कृष्णा के पीछे 14 माह का मासूम बच्चा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Tags: