गंगापुर में पूर्व सांसद रामपाल उपाध्याय की 25वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, अस्पताल में मरीजों की सेवा
गंगापुर में पूर्व सांसद एवं मंत्री स्व. रामपाल उपाध्याय की 25वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा हुई, अस्पताल में मरीजों को फल-बिस्किट बांटे गए।
तस्वीर में गंगापुर में स्वर्गीय रामपाल उपाध्याय की प्रेरणा स्थल पर उनकी तस्वीर के सामने खड़े कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
पूर्व सांसद एवं मंत्री स्वर्गीय रामपाल उपाध्याय की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गंगापुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यालय, बस स्टैंड स्थित उनकी समाधि एवं प्रेरणा स्थल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. रामपाल उपाध्याय को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में भीलवाड़ा देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, रामपाल उपाध्याय स्मृति संस्थान अध्यक्ष नारायण उपाध्याय, सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के राष्ट्रीय सचिव श्याम पुरोहित, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति उपाध्याय तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज चंदेल की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्व. रामपाल उपाध्याय की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान वक्ताओं ने स्व. रामपाल उपाध्याय के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास, आमजन की समस्याओं और संगठन को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार और जनसेवा की भावना आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पुण्यतिथि के अवसर पर उनके जनहित के कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गंगापुर सेटेलाइट अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल एवं बिस्किट वितरित किए। इस दौरान मरीजों की कुशलक्षेम पूछी गई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्व. रामपाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखते हुए सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जा रहा है। जरूरतमंद मरीजों की सेवा तथा उन्हें फल-बिस्किट वितरित कर जनसेवा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष विष्णु सुवालका नांदशा, शंकरलाल जाट, गहरी लाल जाट, रेखा उपाध्याय, नीतू मोनू दाधीच, गजेंद्र गहलोत, कृष्ण गोपाल जीनगर, प्रदीप शर्मा, अनवर मोहम्मद पठान, प्रहलाद राय गहलोत, शब्बीर मोहम्मद सिंधी, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष यूसुफ मोहम्मद सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और स्व. रामपाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित किए।