संकटमोचन हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी ने दिया आशीर्वाद
भीलवाड़ा के संकटमोचन हनुमान मंदिर में गुरुपूर्णिमा पर महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी की पूजा के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़।
तस्वीर में दिख रही जगह संकटमोचन हनुमान मंदिर की है, जहां गुरुपूर्णिमा पर महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज के इर्द-गिर्द खड़े श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को शहर के मुख्य डाकघर के सामने स्थित श्रीसंकटमोचन हनुमान मंदिर में महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज की गुरूपूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 9.15 बजे शुरू हुआ गुरूपूजन कार्यक्रम शाम तक जारी रहा, जिसमें भक्तों ने गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुपूर्णिमा के मौके पर संकटमोचन बालाजी की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार भी किया गया। गुरु के प्रति श्रद्धा का ऐसा भाव देखने को मिला कि तीव्र उमस के बावजूद कई भक्त मंदिर पहुंचे और महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। पंडित ने विधिविधान के साथ गुरूपूजा की रस्म पूरी कराई।
गुरुपूर्णिमा पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशान्त मेवाड़ा एवं उपखण्ड अधिकारी प्रमोद सिरवी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भिजवाए गए शुभकामना संदेश और गुरु दक्षिणा उपहार लेकर संकटमोचन हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने इसे गुरु चरणों में समर्पित कर महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर में दिनभर गुरूपूजन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। कई भक्त परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और गुरु पूजा की। गुरूपूजन करने वालों में मंदिर ट्रस्ट के रमेश बंसल, सांवरमल बंसल, महावीर अग्रवाल, गुरु भक्त गजानंद बजाज, राधेश्याम सोमानी, पीयूष डाड सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों से भी श्रद्धालु गुरूपूजन के लिए श्रीसंकटमोचन हनुमान मंदिर पहुंचे। मंदिर ट्रस्ट की ओर से भक्तों के लिए महाप्रसादी का आयोजन भी किया गया। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में देर शाम तक आस्था और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।