उपरेडा में आयुर्वेदिक चिकित्सालय की 10 साल पुरानी मांग तेज, मंत्री को सौंपा गया लिखित ज्ञापन

भीलवाड़ा के उपरेडा में 10 वर्षों से लंबित आयुर्वेदिक चिकित्सालय की मांग फिर उठी। प्रशासक व सरपंच ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर 2026-27 में अस्पताल खोलने की मांग की।

Update: 2026-07-29 08:33 GMT

बनेड़ा उपखंड क्षेत्र के उपरेडा में नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोलने की पिछले 10 वर्षों से चली आ रही मांग एक बार फिर तेज हो गई है। ग्राम पंचायत उपरेडा के प्रशासक एवं सरपंच ईश्वर सिंह कानावत ने आयुर्वेद मंत्री को लिखित ज्ञापन सौंपकर वर्ष 2026-27 के सत्र में उपरेडा में नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोले जाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आयुर्वेदिक चिकित्सालय नहीं होने के कारण अनेक बार ऐसे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिनका एलोपैथिक दवाइयों से उपचार संभव नहीं हो पाता। उनका कहना है कि देसी आयुर्वेदिक दवाइयां कई बार बीमार व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित होती हैं। ग्रामीणों के अनुसार आयुर्वेदिक उपचार भले ही अपेक्षाकृत देर से प्रभावी हो, लेकिन स्थायी इलाज करता है। वर्तमान महंगाई के दौर में एलोपैथिक दवाइयों की अधिक कीमत के कारण कई लोग उपचार कराने में कठिनाइयों का सामना करते हैं और ऐसे समय में आयुर्वेदिक चिकित्सा उनके लिए राहत का माध्यम बनती है।

ग्राम पंचायत उपरेडा के प्रशासक एवं सरपंच ईश्वर सिंह कानावत ने बताया कि वर्ष 2015 से लगातार क्षेत्रवासी एवं प्रार्थी उपरेडा कस्बे में नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोले जाने की मांग करते आ रहे हैं। इस संबंध में आयुर्वेद चिकित्सा निदेशक अजमेर, विधायक शाहपुरा-बनेड़ा, जिला कलेक्टर भीलवाड़ा, आयुर्वेद चिकित्सा मंत्री, मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल को भी कई बार मांग पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन आज तक इसका कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2026-27 के सत्र में उपरेडा में नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोला जाना आवश्यक है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार प्रत्येक ग्राम पंचायत में नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोलकर आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए संकल्पित हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम उपरेडा के समाज कार्यकर्ता मुबारक मंसूरी उपरेडा भी नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोले जाने की मांग को लेकर हजारों पत्राचार कर चुके हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि उपरेडा में नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खुलने से आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों के गरीब ग्रामीणों और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा आयुर्वेदिक दवाइयों के माध्यम से बीमारियों से राहत मिल सकेगी। ग्रामवासियों ने राज्य सरकार से शीघ्र उपरेडा में नवीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोलने की मांग दोहराई है।

Tags:    

Similar News