भीलवाड़ा की मोनिका गर्ग को सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए राष्ट्रीय ‘जन जागृति भूषण सम्मान’ से सम्मानित

भीलवाड़ा की मोनिका गर्ग को सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में राष्ट्रीय ‘जन जागृति भूषण सम्मान’ से सम्मानित किया गया। जानिए सम्मान समारोह की पूरी जानकारी।

Update: 2026-07-29 08:31 GMT

तस्वीर में भीलवाड़ा के गीता भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब के पदाधिकारी और अतिथि (बाएं से दाएं) श्रीमती मोनिका गर्ग को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और बैनर थमाकर सम्मानित करते हुए नजर आ रहे हैं।

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है और न ही यह अकेले संभव है। इस दिशा में आम जनता को व्यक्तिगत स्तर पर तथा सभी सामाजिक संगठनों को सामूहिक रूप से नियमित प्रयास करने होंगे, तभी सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। यह विचार अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब, भीलवाड़ा जिला शाखा द्वारा क्लब के राष्ट्रीय कार्यालय स्थित गीता भवन सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा सम्मान कार्यक्रम में सम्मानित अतिथियों ने व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान भीलवाड़ा निवासी श्रीमती मोनिका गर्ग को पिछले एक दशक से अधिक समय से स्नेह समर्पण संस्थान एवं अन्य संगठनों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उनके नियमित प्रयासों के लिए अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब द्वारा राष्ट्रीय स्तर का “स्वर्गीय श्री मृणाल राठी स्मृति – जन जागृति भूषण सम्मान” प्रदान किया गया।

यह सम्मान क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी तथा जिन्दल स्टील कम्पनी के अधिकारी ललित मोहन गर्ग ने संयुक्त रूप से श्रीमती मोनिका गर्ग को भेंट किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद श्रीमती मोनिका गर्ग ने क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणास्पद है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समाज सेवा और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की नई प्रेरणा प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी तथा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष डॉ. माया डॉ. मधुसूदन राठी के नेतृत्व में क्लब की 133 जिला शाखाओं द्वारा वर्ष 2026 को सड़क सुरक्षा वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत 133 जिला एवं नगर अध्यक्ष अपने-अपने जिला पदाधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।

क्लब द्वारा अन्य सामाजिक गतिविधियों के साथ पूरे देश में 200 से अधिक व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन कर राष्ट्रीय स्तर पर “स्वर्गीय श्री मृणाल राठी स्मृति – सड़क सुरक्षा सम्मान” भी प्रदान किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भीलवाड़ा में श्रीमती मोनिका गर्ग को यह सम्मान भेंट किया गया। कार्यक्रम में यह भी स्मरण कराया गया कि अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब वर्ष 2004 से नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।

Tags:    

Similar News