भीलवाड़ा में कथित गलत इंजेक्शन से 21 वर्षीय युवक की मौत, झोलाछाप हिरासत में
भीलवाड़ा के बड़लियास में मामूली बुखार के इलाज के दौरान 21 वर्षीय सूरज नाथ की मौत हो गई। परिजनों ने कथित गलत इंजेक्शन का आरोप लगाया है। मोर्चरी पर प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बंगाली डॉक्टर को हिरासत में लिया।
तस्वीर में बाएं तरफ मृतक युवक सूरज नाथ और दाएं तरफ भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय के बाहर एकत्र हुए ग्रामीण व परिजन दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में मामूली बुखार के इलाज के दौरान एक 21 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कस्बे में क्लिनिक चलाने वाले एक तथाकथित ‘बंगाली डॉक्टर’ ने युवक को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जिला चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हो गए। पुलिस ने आरोपी बंगाली डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बड़लियास निवासी 21 वर्षीय सूरज नाथ पुत्र शिवनाथ योगी को सोमवार शाम हल्का बुखार आया था। परिजन उसे कस्बे में ही स्थित एक झोलाछाप ‘बंगाली डॉक्टर’ के क्लिनिक पर लेकर गए। परिजनों के अनुसार, वहां डॉक्टर ने सूरज को एक इंजेक्शन लगाया।
परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के बाद सूरज की तबीयत सुधरने के बजाय तेजी से बिगड़ने लगी। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में डॉक्टरों ने जांच के बाद सूरज को मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी गांव में फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार जिला चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए। मृतक के मौसेरे भाई शेरू और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि बंगाली डॉक्टर की लापरवाही और गलत इंजेक्शन के रिएक्शन के कारण सूरज की मौत हुई।
मोर्चरी के बाहर एकत्र लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा क्षेत्र में 24 घंटे चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग पुलिस-प्रशासन के सामने रखी। समझाइश के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बड़लियास थाना पुलिस भी जिला मोर्चरी पहुंची। थाना प्रभारी जसवंत सिंह मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी बंगाली डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मेडिकल प्रैक्टिस करने वाले झोलाछापों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। मामूली बुखार के इलाज के दौरान 21 वर्षीय सूरज नाथ की मौत के बाद अब पुलिस की कार्रवाई और जांच पर लोगों की नजर है।