तस्वीर में भीलवाड़ा के एक विद्यालय परिसर में 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत आयोजित स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राएं और शिक्षक बैनर के साथ नजर आ रहे हैं।   

भीलवाड़ा, 28 सितंबर। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया के निर्देशन में सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कांदा, बन का खेड़ा एवं सवाईपुर में बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं जागरूकता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक गंगा दाधीच ने बताया कि बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना कार्यक्रम का उद्देश्य है। इस दौरान बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन, एनीमिया से बचाव, पौष्टिक आहार, आयरन एवं आवश्यक पोषक तत्वों की उपयोगिता तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी गई।

बालिकाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा हरी सब्जियां, दालें, फल एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अभियान के उद्देश्य पर चर्चा करते हुए बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास एवं सुरक्षित वातावरण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षित स्थिति में अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

विधिक परामर्शदाता सुमन खोईवाल, मनोसामाजिक परामर्शदाता सुनीता शर्मा और सामाजिक परामर्शदाता सीमा शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के साथ प्रश्नोत्तरी एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी साझा की। बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए।

इस दौरान अतिथियों ने शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को सशक्त बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित एवं जागरूक बालिका ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देकर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अंशु वर्मा, बरदा लाल, प्रतिष्ठा ठाकुर सहित स्टाफ उपस्थित रहा।

Tags: