भीलवाड़ा में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत फैलाने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, दो तलवारें और बलेनो जब्त
भीलवाड़ा में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में सुभाषनगर थाना पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो तलवारें और बलेनो कार जब्त की है।
तस्वीर में भीलवाड़ा में सुभाषनगर थाना पुलिस द्वारा फायरिंग मामले के तीन गिरफ्तार आरोपितों को सुरक्षा के बीच पैदल ले जाते हुए देखा जा सकता है।
भीलवाड़ा। सुभाषनगर थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो तलवारें और एक बलेनो कार जब्त की है। तीनों आरोपितों को पुलिस पैदल परेड कराते हुए आज अदालत में पेश करने ले गई, जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल शेष आरोपितों की तलाश जारी है।
सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नौई के अनुसार, पूरी घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। पुलिस ने इस मामले में विजय सिंह पथिकनगर निवासी सत्तूलाल पुत्र भैंरूलाल माली, सिदडिय़ास हाल सांगानेर निवासी विनय प्रताप सिंह पुत्र मनोहरसिंह राजपूत और टेंपो स्टैंड के पास सांगानेर निवासी राधोश्याम पुत्र जगदीशचंद्र जाट को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों से दो तलवारें और एक बलेनो गाड़ी जब्त की गई है। तीनों आरोपितों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले से ही कई थानों में गंभीर मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। सत्तुलाल माली के खिलाफ जानलेवा हमले, आम्र्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। वहीं, विनय प्रताप सिंह के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, मारपीट और आम्र्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में लखन कीर, गोपाल कीर और सोहन कीर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपित गोपाल से एक टोपीदार बंदूक भी जब्त की थी। पुलिस अब मामले में शामिल शेष आरोपितों की तलाश कर रही है।