भीलवाड़ा: सल्फोस खाने से 19 वर्षीय युवक की मौत, चार माह पहले हुई थी शादी
| गुलबारा से रेफर कर भीलवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, इलाज के दौरान मौत; पिता ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार।
भीलवाड़ा जिले के टोंकरवाड़ गांव में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब चार माह पहले ही विवाह बंधन में बंधे 19 वर्षीय सूरज की सल्फोस खाने से मौत हो गई। परिवार का इकलौता बेटा होने के कारण सूरज माता-पिता की उम्मीदों का सहारा था। जवान बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर छा गई।
शंभुगढ़ थाने के सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि टोंकरवाड़ निवासी पप्पूलाल रैगर के बेटे सूरज (19) ने रविवार को घर पर ही सल्फोस का सेवन कर लिया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर घबराए परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए गुलाबपुरा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन सूरज को भीलवाड़ा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार सुबह करीब सवा पांच बजे उपचार के दौरान सूरज की मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, सूरज की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। विवाह के बाद घर में नई-नवेली बहू के आने से खुशियों का माहौल था। परिवार को उम्मीद थी कि सूरज के साथ जीवन की नई शुरुआत होगी, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सूरज अपने पिता पप्पूलाल रैगर का इकलौता बेटा था और परिवार की उम्मीदों का एकमात्र सहारा भी। उसके असमय चले जाने से घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। वहां मृतक के पिता पप्पूलाल रैगर ने घटना को लेकर रिपोर्ट दी, लेकिन बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराने और किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई करवाने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की भावनाओं और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। चार माह पहले जिस घर में विवाह की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब इकलौते बेटे की मौत से मातम पसरा हुआ है।