भीलवाड़ा: दो सर्राफा दुकानों में चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
| सीसीटीवी तोड़ने और कैमरे पर गोबर लगाने के बावजूद तकनीकी जांच व फुटेज से पुलिस झालावाड़ पहुंची; चौथे आरोपी की तलाश जारी।
भीलवाड़ा। पुलिस चौकी के नजदीक दो सर्राफा दुकानों के शटर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का भीलवाड़ा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब एक माह पहले इटुंदा गांव में हुई इस वारदात में झालावाड़ जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों ने चोरी के दौरान सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और एक कैमरे पर गोबर लगाने जैसी तरकीब अपनाई थी, लेकिन पुलिस ने फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बना ली।
जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच बदमाशों ने इटुंदा गांव में आशुतोष सोनी की बाबा श्याम ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोरी की। यहां से आरोपी 1 किलो चांदी की कनगती, 500 ग्राम चांदी के नए-पुराने जेवर, 5 ग्राम सोने की अंगूठी और 5 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। इसके बाद बदमाशों ने विशाल सोनी की सोनी ज्वेलर्स को निशाना बनाया। वहां से करीब 300 ग्राम चांदी की दो जोड़ी पायल, 500 ग्राम चांदी की कतरन और 4 ग्राम सोने की एक अंगूठी चोरी कर ली। दोनों दुकानों से चोरी किए गए सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाया। आरोपियों ने आशुतोष सोनी की दुकान में लगे कैमरे तोड़ दिए, जबकि पास में स्थित श्री अंबे मोबाइल दुकान पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे पर गोबर लगा दिया, ताकि उसमें वारदात से जुड़ी कोई फुटेज रिकॉर्ड नहीं हो सके। हालांकि, पुलिस की ओर से खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाशों की गतिविधियां कैद मिलीं।
वारदात के बाद हनुमान नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जांच शुरू की। सुराग जोड़ते हुए पुलिस टीम झालावाड़ जिले तक पहुंची और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ की तो उन्होंने इटुंदा की दोनों सर्राफा दुकानों में चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने बीरियाखेड़ा (झालावाड़) निवासी हेमराज (25) पुत्र रूपचंद उर्फ दड़िया कंजर, राजूलाल (33) पुत्र हरीश कंजर और तितरवासा (झालावाड़) निवासी दिनेश (19) पुत्र कालू कंजर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। इसके बाद चोरी किए गए जेवरात और अन्य सामान की बरामदगी के साथ ही आरोपियों से दूसरी वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने और फुटेज मिटाने की कोशिश के बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल चौथे बदमाश की तलाश जारी है।