भीलवाड़ा में मेजा नहर का पानी न मिलने पर किसानों का प्रदर्शन
| गैर-कमांड क्षेत्रों में अवैध निकासी और निगरानी की कमी से बुवाई व फसलें खराब होने का खतरा, प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी।
भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट के बाहर सिंचाई पानी की मांग को लेकर ज्ञापन पकड़े खड़े किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।
भीलवाड़ा में मेजा नहर का पानी खेतों तक नहीं पहुंचने से किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से परेशान 10 से 15 गांवों के किसानों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द नहर का पानी छोड़ने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
खेड़लिया, महुवा खुर्द और बबराना पंचायत सहित आसपास के करीब 10 से 15 गांवों के किसान इन दिनों पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि मेजा नहर चालू होने के बावजूद उनके गांवों और कमांड एरिया के खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों में नाराजगी और बेचैनी बढ़ती जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने नहर संचालन में अव्यवस्था और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप है कि कुछ लोग जनरेटर आदि लगाकर नहर का पानी अव्यवस्थित और गैर-कानूनी तरीके से गैर-कमांड क्षेत्रों में खींच रहे हैं। वहीं, नहर पर कर्मचारियों की ड्यूटी और पानी के वितरण की निगरानी के लिए कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। किसानों का कहना है कि पानी की इस मनमानी निकासी के कारण कमांड एरिया के हकदार किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं।
खेड़लिया सरपंच अनिल जाट ने बताया कि किसानों ने कड़ी मेहनत के साथ अपनी पूंजी लगाकर खेतों में महंगा खाद और बीज डाल दिया है। इसके बावजूद सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से बुवाई और फसलें खराब होने की कगार पर पहुंच गई हैं। खेती ही किसानों की आजीविका का एकमात्र सहारा है। ऐसे में समय पर पानी नहीं मिलने से फसल चौपट होने का खतरा पैदा हो गया है और किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन से मांग की कि नहर पर तत्काल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, पानी की अवैध और अव्यवस्थित निकासी पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा कमांड एरिया के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मेजा नहर से जुड़े इस जल संकट के समाधान को लेकर अब किसानों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।