भीलवाड़ा। आधी रात को लघुशंका के लिए नींद से उठना 56 वर्षीय बुजुर्ग के लिए जानलेवा साबित हुआ। घर के चौक में पैर फिसलने से वे सिर के बल गिर पड़े। गंभीर चोट लगने और नाक-कान से खून बहने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में शोक छा गया।

घटना शहर की चपरासी कॉलोनी में बीती रात करीब एक बजे हुई। गांधीनगर थाना पुलिस के दीवान केदार के अनुसार, मूल रूप से राहला निवासी और वर्तमान में चपरासी कॉलोनी में रहने वाले सद्दीक मोहम्मद मंसूरी (56), पुत्र शकूर मोहम्मद, रात में लघुशंका के लिए सोकर उठे थे। वे बाथरूम की ओर जा रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वे घर के चौक में गिर पड़े।

अचानक हुए इस हादसे में सद्दीक मोहम्मद के सिर में गंभीर चोट आई। गिरने के बाद उनकी नाक और कान से खून निकलने लगा। परिजन उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सद्दीक मोहम्मद की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शुक्रवार को उनके शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। गांधीनगर थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Tags: