भीलवाड़ा में शादी का भरोसा देकर सात साल तक युवती का यौन शोषण करने और बेटे के जन्म के बाद विवाह से मुकरने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से कोतवाली पुलिस ने आरोपी शनि और उसके माता-पिता के खिलाफ दुष्कर्म तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, गंगरार निवासी पीड़िता वर्ष 2019 में भीलवाड़ा आई थी। इस दौरान वह अपने परिचित आरोपी के घर रुकी थी। आरोप है कि वहां आरोपी ने चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी और उसके माता-पिता ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन के चलते आरोपी लगातार उसका यौन शोषण करता रहा।

इस दौरान पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद आरोपी शादी के वादे से मुकर गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने दो अन्य महिलाओं को भी अपने साथ रखा हुआ है। जब उसने इस पर विरोध जताया तो उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, जबरन खाली कागज और स्टाम्प पर हस्ताक्षर करवाने के साथ उसे धमकियां भी दी गईं।

मामले में पुलिस से सुनवाई नहीं होने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी शनि सहित उसके माता-पिता के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एससी-एसटी सेल के वृताधिकारी गोविंद सिंह राजपुरोहित कर रहे हैं।

Tags: