भीलवाड़ा में सर्दी के मौसम में जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाने के लिए स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान ने 1001 वूलन जर्सियों के निःशुल्क वितरण की शुरुआत की है। संस्थान की ओर से सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के जरूरतमंद बच्चों को ये जर्सियां उपलब्ध कराई जाएंगी। वितरण अभियान 7 नवम्बर से प्रारम्भ कर दिया गया है।

संस्थान के निदेशक अनिल सोडाणी एवं एडवोकेट मोहित सोडाणी ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण के लिए 501 अच्छी गुणवत्ता वाली वूलन जर्सियां लुधियाना वूलन कम्पनी से भीलवाड़ा पहुंच चुकी हैं। दीपावली से ही इनका वितरण शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि जर्सियां वास्तविक जरूरतमंद 501 बच्चों तक पहुंचें, इसके लिए वितरण की उचित रूपरेखा तैयार की गई है। इस कार्य के लिए 20 एनजीओ की सूची बनाई गई है और उनके माध्यम से बच्चों को जर्सियां वितरित की जा रही हैं। संस्थान ने वितरण प्रक्रिया में इन संगठनों को शामिल किया है, ताकि निर्धारित बच्चों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

प्रथम चरण में 501 जर्सियों के वितरण के बाद अभियान के दूसरे चरण में शेष 500 वूलन जर्सियां वितरित की जाएंगी। द्वितीय चरण का वितरण तेज सर्दी शुरू होने पर किया जाएगा। इस तरह संस्थान की ओर से कुल 1001 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क गर्म जर्सियां उपलब्ध कराने की योजना है।

Tags: