भीलवाड़ा: सरपंच को पदभार से रोका, समर्थक का सिर फोड़ा
रूपपुरा पंचायत भवन में पदभार ग्रहण करने पहुंचे सरपंच घीसूलाल भील को रोकने और जातिगत अपमान करने का मामला सामने आया है, जिसके बाद शाहपुरा डीएसपी जांच कर रहे हैं।
भीलवाड़ा। ग्राम पंचायत रूपपुरा में नवनिर्वाचित सरपंच को पदभार ग्रहण करने से रोकने और उनके साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की कर जातिगत अपमान करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पंचायत भवन में कार्यभार संभालने पहुंचे सरपंच घीसूलाल भील को नारायण गुर्जर सहित 10-15 लोगों ने रोक दिया और उन्हें पंचायत भवन से बाहर निकाल दिया। इस दौरान विरोध करने पर सरपंच के समर्थक किशन कुमावत पर लाठी-पत्थरों से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में हुए चुनाव में घीसूलाल पुत्र सुवालाल भील ग्राम पंचायत रूपपुरा के सरपंच निर्वाचित हुए थे। गुरुवार को वे अपने समर्थक किशन कुमावत सहित अन्य लोगों के साथ पंचायत भवन में विधिवत पदभार ग्रहण करने पहुंचे थे।
सरपंच की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि नारायण गुर्जर सहित 10-15 लोगों ने उन्हें कार्यभार संभालने से रोक दिया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और जातिगत रूप से अपमानित करते हुए पंचायत भवन से बाहर निकाल दिया गया। निर्वाचित जनप्रतिनिधि को पंचायत में पदभार ग्रहण करने से रोकने की इस घटना ने विवाद खड़ा कर दिया।
आरोप है कि सरपंच के साथ किए जा रहे कथित दुर्व्यवहार का विरोध करने पर उनके समर्थक किशन कुमावत को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने उस पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल किशन को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले में फूलियाकलां थाने के सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल ने बताया कि सरपंच घीसूलाल भील की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच शाहपुरा डीएसपी को सौंपी गई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।