भीलवाड़ा में 11 नवंबर से भागवत कथा सप्ताह, हनुमानजी महाराज के लिए होगा आयोजन
भीलवाड़ा के हनुमान टेकरी स्थित काठियाबाबा आश्रम में 11 से 17 नवंबर तक श्रीमद् भागवत कथा होगी। आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री कथा वाचन करेंगे। आयोजन की खास बात यह है कि इसके पीछे न कोई आयोजन समिति है और न कोई प्रायोजक।
भीलवाड़ा के छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा और उपस्थित पत्रकारगण।
भीलवाड़ा में छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में 11 से 17 नवंबर तक श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का आयोजन होगा। महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में होने वाले इस सात दिवसीय आयोजन में वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री व्यास पीठ से प्रतिदिन दोपहर 1 से 5 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराएंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
कथा आयोजन के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने गुरुवार को आश्रम परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि यह कथा हनुमानजी महाराज के लिए उनके द्वारा कराई जा रही है और वह स्वयं इसमें निमित्त मात्र हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कथा आयोजन के लिए न तो किसी विधिवत आयोजन समिति का गठन किया गया है और न ही कोई संगठन या संस्था प्रायोजक के रूप में जुड़ी है। समस्त भीलवाड़ावासियों और छोटी हरणी ग्रामवासियों के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है। कथा सर्वसमाज के लिए है और सभी का सहयोग ही इसे सफल बनाएगा। अधिकाधिक धर्मप्रेमियों को कथा का लाभ मिल सके, इसके लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को भी आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पहले 11 नवंबर को सुबह 9.15 बजे दादीधाम से हनुमान टेकरी तक विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। कथा के लिए मंदिर परिसर में विशाल डोमयुक्त पांडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। यहां कथा से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। कथा स्थल के बाहर और मुख्य मार्ग पर स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विशेष सजावट भी की जा रही है।
आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कलश यात्रा की जिम्मेदारी रेखाकंवर झाला, प्रेमलता शर्मा और मंजू पोखरना को दी गई है। शोभायात्रा प्रभारी के रूप में मनोज सोनी, निखिल अग्रवाल, गोवर्धनलाल वैष्णव और प्रिंस सिसोदिया जिम्मेदारी संभालेंगे। पांडाल व्यवस्था का दायित्व अंकित सोमानी और हर्ष राठी को सौंपा गया है, जबकि मीडिया प्रभारी निलेश कांठेड़ होंगे। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी समस्त छोटी हरणी ग्रामवासी संभालेंगे।
सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों का वाचन किया जाएगा। पहले दिन 11 नवंबर को व्यास पीठ पर श्रीमद् भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद् भागवत महात्म्य, व्यास-नारद संवाद और कुंती स्तुति प्रसंग सुनाए जाएंगे। दूसरे दिन 12 नवंबर को कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र और ध्रुव चरित्र का वाचन होगा। 13 नवंबर को जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार और वामन अवतार के प्रसंग सुनाए जाएंगे।
इसी क्रम में 14 नवंबर को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 15 नवंबर को श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग के प्रसंग होंगे। 16 नवंबर को उद्धव चरित्र, रुक्मणी मंगल और रास पंचाध्यायी का वाचन किया जाएगा। कथा के अंतिम दिन 17 नवंबर को द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र और परीक्षित मोक्ष प्रसंग सुनाए जाएंगे। इसी दिन व्यास पूजन और पूर्णाहुति के साथ सात दिवसीय कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का समापन होगा।