जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर नगर निगम भीलवाड़ा शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 2 सितंबर से दोपहर की पारी में विशेष सफाई अभियान शुरू करेगा। अभियान के तहत 18 वार्डों में सघन सफाई, नालियों की गाद निकासी और कचरे के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों के जिम्मे वार्डों का आवंटन किया गया है और कुल 16 विशेष टीमों का गठन किया गया है। 2 सितंबर को अभियान के दायरे में शहर के 18 वार्ड शामिल रहेंगे। इनमें वार्ड क्रमांक 1, 6, 8, 19, 21, 28, 33, 34, 36, 37, 41, 42, 44, 48, 56, 63, 65 और 66 शामिल हैं।

नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव ने बताया कि चयनित वार्डों की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया जाएगा। जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए नालियों की विशेष सफाई के साथ गाद निकासी का कार्य भी किया जाएगा।

अभियान के दौरान उपलब्ध संसाधनों और सफाई कर्मियों के जरिए एकत्रित कचरे का समय पर और उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन के अनुसार यह विशेष अभियान भीलवाड़ा के नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में अहम प्रयास है।

निगम प्रशासन ने शहरवासियों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। 2 सितंबर से शुरू होने वाला यह विशेष अभियान चयनित 18 वार्डों में सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर केंद्रित रहेगा।

Tags: