तस्वीर में मतगणना केंद्र हॉल में बैरिकेडिंग और टेबल व्यवस्था का निरीक्षण करते अधिकारी।

भीलवाड़ा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भीलवाड़ा जिले में नगर निगम और 10 नगर पालिकाओं के सदस्य निर्वाचन के लिए मतगणना सोमवार, 14 सितंबर को प्रातः 8:00 बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

नगर निगम भीलवाड़ा के मतों की गणना तिलक नगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में होगी। ईवीएम संग्रहण के लिए भूतल स्थित कक्ष संख्या 41 को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। रिटर्निंग अधिकारी के लिए निर्धारित कक्ष संख्या 42 में टेबल संख्या 1 से 18 तक वार्ड 1 से 35 तक की मतगणना होगी। वहीं सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष संख्या 39 में टेबल संख्या 1 से 15 तक वार्ड 36 से 70 तक के मतों की गणना की जाएगी।

जिले की 10 नगर पालिकाओं के लिए भी मतगणना केंद्र और टेबलों की संख्या निर्धारित कर दी गई है। नगर पालिका बीगोद के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीगोद में 5 टेबल पर 25 वार्डों की मतगणना होगी। आसींद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आसींद में 5 टेबल पर 25 वार्ड, गुलाबपुरा के श्री गांधी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय गुलाबपुरा में 7 टेबल पर 35 वार्ड, गंगापुर के उपखंड कार्यालय परिसर स्थित कृषि भवन में 5 टेबल पर 25 वार्ड और हमीरगढ़ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरगढ़ में 4 टेबल पर 20 वार्डों की मतगणना होगी।

इसी क्रम में बनेड़ा के राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में 4 टेबल पर 20 वार्ड, शाहपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा में 7 टेबल पर 35 वार्ड, जहाजपुर के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल जहाजपुर में 5 टेबल पर 25 वार्ड, मांडलगढ़ के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय मांडलगढ़ में 4 टेबल पर 20 वार्ड तथा बिजौलिया के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिजौलिया में 5 टेबल पर 25 वार्डों की मतगणना होगी।

मतगणना स्थलों पर पर्यवेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नियंत्रण कक्ष, कंप्यूटर, मीडिया, सांख्यिकी, लेखा और यातायात प्रबंधन के लिए अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने सभी तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी निष्पक्षता और सतर्कता से पालन करने के निर्देश दिए हैं। 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के लिए निर्धारित केंद्रों, कक्षों और टेबलों की व्यवस्था के साथ प्रशासन ने प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Tags: