भीलवाड़ा के सूर्यमहल में महापौर जसवंत कंवर अन्य अतिथियों संग संत पुलकसागर को स्मृति चिह्न भेंट करती हुईं।

भीलवाड़ा, 28 सितम्बर। नगर निगम भीलवाड़ा की नव निर्वाचित प्रथम महिला महापौर जसवंत कंवर ने सोमवार को शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल पहुंचकर चातुर्मास के लिए विराजित राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। महापौर ने आचार्यश्री के चरणों में श्रीफल समर्पित कर भीलवाड़ा के सर्वांगीण विकास का संकल्प साकार करने के लिए आशीर्वाद मांगा।

आचार्य पुलकसागर ने महापौर जसवंत कंवर के लिए मंगल भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भीलवाड़ा की सेवा का जो दायित्व मिला है, उसे पूरे समर्पित भाव से निभाएं और मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इस दायित्व के माध्यम से वह भीलवाड़ा को स्वच्छ व सुंदर शहर बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

महापौर जसवंत कंवर का श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह, सह संयोजक लोकेश अजमेरा, वरिष्ठ समाजसेवी तिलोकचंद छाबड़ा आदि ने स्वागत किया। इस दौरान महापौर जसवंत कंवर के साथ भाजपा जिला प्रवक्ता भूपेन्द्र सिंह एवं पार्षद रौनक हिंगड़ आदि भी मौजूद थे।

महापौर ने चातुर्मास समिति के कार्यालय की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने भीलवाड़ा को आचार्यश्री का ऐतिहासिक चातुर्मास मिलने पर साधुवाद अर्पित किया। आचार्य पुलकसागर से आशीर्वाद लेने और चातुर्मास समिति की व्यवस्थाओं के अवलोकन का यह कार्यक्रम शहर के विकास के संकल्प से जुड़ा रहा।

Tags: