भीलवाड़ा के नेहरू गार्डन में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के जिला संयोजक अक्षय त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

भीलवाड़ा में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री भारतरत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान की ओर से पुष्पांजलि सभा आयोजित की गई। नेहरू गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नेहरू को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के जिला संयोजक अक्षय त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नेहरू के आधुनिक भारत के निर्माण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्गुट आंदोलन की सोच को आगे बढ़ाने में दिए गए योगदान पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक सोच के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्गुट नीति अपनाई और देश की विदेश नीति को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया। इसके साथ ही उन्होंने कृषि, परिवहन, स्वास्थ्य, ऊर्जा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के विकास को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।

त्रिपाठी ने कहा कि नेहरू के नेतृत्व में इन क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम है कि आज भारत चंद्रमा और मंगल ग्रह पर अपने यान भेजने के साथ-साथ उपग्रह प्रक्षेपण के क्षेत्र में भी विश्वभर में अपनी विशेष पहचान बना चुका है।

कार्यक्रम में मुस्ताक अली मंसूरी, चन्द्र प्रकाश अमरवाल, शिवराज सुराणा और सुरेश बंब सहित महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभा में नेहरू के विचारों और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।

Tags: