भीलवाड़ा महात्मा गांधी अस्पताल के पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ को हटाने की मांग, CM को भेजा ज्ञापन
| भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में प्रसूताओं की मौत, चिकित्सा सेवाओं में गिरावट और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ को हटाने की मांग उठी है। दयाराम दिव्य ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन भेजा।
भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में बिगड़ती चिकित्सा व्यवस्थाओं, अनियमितताओं और प्रसूताओं की लगातार हो रही मौतों के मामलों को लेकर पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ को पद से हटाने की मांग उठी है। इस संबंध में सतर्कता एवं जन अभाव अभियोग निराकरण समिति (उपखंड हमीरगढ़) के सदस्य और जिला सतर्कता समिति के पूर्व सदस्य दयाराम दिव्य ने सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भाजपा एससी मोर्चा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष दयाराम दिव्य ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में आरोप लगाया कि डॉ. अरुण गौड़ कई वर्ष पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल से लेकर अब तक संविदा पर महात्मा गांधी अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) के पद पर बने हुए हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि अस्पताल में हाल ही में प्रसूताओं की मौत के मामले सामने आने, चिकित्सा सेवाओं में गिरावट और अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों के बावजूद पीएमओ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। दिव्य ने इसे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला बताया और कहा कि लगातार प्रसूताओं की मौत के बाद भी सरकार का गंभीर नहीं होना अच्छे संकेत नहीं हैं।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि जिले के पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों के साथ ही विभिन्न जनसंगठनों की ओर से लगातार विरोध किए जाने के बावजूद डॉ. गौड़ को पद पर बनाए रखना संदेह के घेरे में है। इससे आमजन के बीच सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।
दयाराम दिव्य ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित महात्मा गांधी अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए डॉ. गौड़ का संविदा कार्यकाल तत्काल समाप्त किया जाए। साथ ही उनके स्थान पर किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को नियुक्त करने और अस्पताल में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव (राजस्थान सरकार), जिला कलेक्टर (भीलवाड़ा) और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (भीलवाड़ा) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। अस्पताल की व्यवस्थाओं और पीएमओ की नियुक्ति को लेकर उठाई गई यह मांग अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का विषय बन गई है।