तस्वीर में भजन संध्या के दौरान मंच पर खड़े पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकार और अतिथि।

कोहिनूर सेवा समिति के तत्वावधान में कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में भीलवाड़ा के कोटा रोड स्थित अहिंसा सर्किल के श्री गायत्री माता मंदिर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में देर रात तक भक्ति गीतों की रसधार बहती रही और श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आए।

समिति के प्रदेश संयोजक एवं राष्ट्रीय कवि रामनिवास रोनीराज ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवक प्रकाश पोरवाल रहे। अध्यक्षता नेम कुमार संघवी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि सतत सेवा संस्थान के चंद्रशेखर शर्मा और अनिल कुमार भंडारी रहे।

महंत श्री जयराम दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित भजन संध्या में कृष्ण भक्ति से जुड़े भजनों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। सृष्टि के पालनहार श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में गायक कलाकार कमलेश रसिक ने गुरु वंदना के साथ ‘मुरली बजा के मोहना’ और ‘मीठे रस से भरयोड़ी राधा रानी लागे’ जैसे भजन प्रस्तुत किए।

गायक संजय पंचोली ने ‘महारा बाल गोविंदा जी’, ‘छोड़ आयो मोहन मथुरा ने’, ‘देख-देख गुजरी का नखरा ने’ और ‘बांस की बांसुरिया पर घणो इतरावे’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं संजय सरगैया ने ‘म्हारी गाड़ी-म्हारो बंगलो सब तेरो सांवरिया सेठ’ और ‘नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की’ भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अश्विनी जैन, आयुष लड्ढा, प्रिया राणा, डिंपल राणा और लक्षिता राणा ने भी एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय कवि रामनिवास रोनीराज ने किया।

इस अवसर पर अपना संस्थान की साधना मेलाना, कृष्ण गोपाल अग्रवाल, इनर व्हील संस्था की शिबा जोन, शहर अध्यक्ष डॉ. भागचंद सोमानी, संरक्षक मिट्ठू लाल सोनी, विश्व हिंदू परिषद के बद्रीलाल सोमानी, खटीक समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष अंबालाल पटेल, शिक्षाविद नवरत्न खोईवाल, पार्थ सोनी सहित शहर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। शहर अध्यक्ष अनिता पहाड़िया ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Tags: