पुलिस अधिकारी और नागरिक खजूरी चुनाव विवाद के दौरान बहस करते दिख रहे हैं।

भीलवाड़ा। खजूरी पंचायत समिति चुनाव का विवाद अब विधायक और पुलिस प्रशासन के बीच टकराव तक पहुंच गया है। घटनाक्रम के दौरान विधायक गोपीचंद मीणा और पुलिस अधीक्षक सागर राणा के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विधायक की ओर से कथित गाली-गलौज किए जाने की बात सामने आने के बाद मौके पर तनाव बढ़ गया। इस दौरान विधायक ने एक पुलिसकर्मी पर भी गंभीर आरोप लगाए।

जानकारी के अनुसार, घटनाक्रम की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सागर राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने विधायक गोपीचंद मीणा से भीड़ एकत्रित नहीं करने और घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़भाड़ नहीं बढ़ाने की बात कही। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बातचीत शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला गरमा गया और मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान चुनावी विवाद से हटकर विधायक और एसपी के बीच हो रही बहस पर केंद्रित हो गया।

इस दौरान विधायक गोपीचंद मीणा ने एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज नहीं करने की बात कही। विधायक की शिकायत के बाद विवाद ने और तूल पकड़ लिया। अब संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ लगाए गए आरोपों और शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से पुलिस अधीक्षक सागर राणा लगातार घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से हालात को नियंत्रण में रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खजूरी पंचायत समिति चुनाव से शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और पुलिस प्रशासनिक टकराव का रूप लेता दिखाई दे रहा है। विधायक गोपीचंद मीणा की ओर से पुलिसकर्मी पर लगाए गए आरोपों की जांच किस स्तर पर होगी और शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा या नहीं, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं, विधायक और एसपी के बीच कथित गाली-गलौज के घटनाक्रम को लेकर भी आधिकारिक पुष्टि और पुलिस के विस्तृत बयान का इंतजार है।

Tags: