तस्वीर में नीली शर्ट पहने किसान कल्याण नाथ खड़े हुए नजर आ रहे हैं।

गांधीनगर थाना क्षेत्र के जोधड़ास गांव में सोमवार रात खेत पर पानी की मोटर बंद करते समय करंट लगने से 42 वर्षीय किसान कल्याण नाथ पुत्र प्यारा नाथ की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, दिनभर की मेहनत के बाद कल्याण नाथ रात में अपने खेत पर कृषि कार्य निपटा रहे थे। इसी दौरान पानी की मोटर बंद करने के लिए जैसे ही उन्होंने स्विच की ओर हाथ बढ़ाया, तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वे अचेत होकर मौके पर ही गिर पड़े।

खेत में मौजूद परिजन चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे और बदहवास हालत में कल्याण नाथ को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की इस घोषणा के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।

सोमवार रात शव को मोर्चरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह गांधीनगर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

कल्याण नाथ की मौत से जोधड़ास गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार ने अपना सहारा खो दिया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

Tags: