औज्याड़ा स्कूल में बच्चों को निःशुल्क ऊनी जर्सियां बांटते अतिथि और शिक्षकगण।

भीलवाड़ा। सर्दी के मौसम में जरूरतमंद बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय औज्याड़ा में ऊनी जर्सियों का वितरण किया गया। अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा ने स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान भीलवाड़ा के सौजन्य से विद्यालय में अध्ययनरत छोटे बच्चों को निःशुल्क ऊनी जर्सियां भेंट कीं। जर्सियां पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह और उल्लास देखने को मिला।

यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा के 'छोटे-छोटे सहयोग - छोटी-छोटी खुशियां अभियान' के तहत किया गया। कार्यक्रम में क्लब के जिला शिक्षा सचिव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भागचन्द सोमानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण भी मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय औज्याड़ा की ओर से स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान भीलवाड़ा के निदेशक अनिल सोडाणी, एडवोकेट मोहित सोडाणी, अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा के जिला पदाधिकारियों तथा प्रधानाचार्य डॉ. भागचन्द सोमानी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

प्रधानाचार्य डॉ. भागचन्द सोमानी ने क्लब की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान भीलवाड़ा के सौजन्य से जरूरतमंद छोटे बच्चों को कुल एक हजार एक ऊनी जर्सियां निःशुल्क वितरित की जा रही हैं। इसी अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय औज्याड़ा के बच्चों को भी जर्सियां भेंट की गई हैं। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Tags: