भीलवाड़ा में सोमवार को तीन अलग-अलग घटनाओं को लेकर आक्रोश और चिंता का माहौल रहा। प्रताप नगर स्कूल परिसर स्थित प्राचीन जुझार जी महाराज मंदिर में बार-बार तोड़फोड़ और मूर्ति खंडित किए जाने के विरोध में तेली समाज, विश्व हिंदू परिषद और स्थानीय लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। वहीं गंगापुर में व्यापारी के साथ मारपीट और लूटपाट के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर जुलूस निकाला। इसके अलावा बदलियास थाना क्षेत्र के सोपुरा (कुड़ी) गांव में सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के माल के साथ सीसीटीवी सिस्टम भी उखाड़ ले गए।

प्रताप नगर स्कूल परिसर स्थित प्राचीन जुझार जी महाराज मंदिर में बार-बार तोड़फोड़ और मूर्ति खंडित किए जाने के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मई में भी मंदिर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े। 26 सितंबर की रात दोबारा मंदिर में तोड़फोड़ कर मूर्ति खंडित किए जाने से समाज में गहरा आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आक्रोश रैली, धरना और आंदोलन किया जाएगा।

गंगापुर कस्बे में व्यापारी के साथ हुई मारपीट और लूटपाट के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सोमवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध में कस्बे के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह बंद रखे और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में व्यापारी सहाड़ा चौराहे पर एकत्र हुए और वहां से विशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए गंगापुर उपखंड कार्यालय पहुंचे। उपखंड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन के बाद उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 23 सितंबर की रात पीड़ित व्यापारी सम्पत लाल जाट की दुकान पर 20 से 25 लोगों ने धावा बोल दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में घुसकर गाली-गलौज की, सम्पत लाल के साथ जमकर मारपीट की और गल्ले से करीब 5 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में गंगापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि वारदात में शामिल कई अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। व्यापारी मंडल ने उपखंड अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में वारदात में शामिल शेष सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने, पीड़ित व्यापारी सम्पत लाल जाट और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने तथा घटना के बाद सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो बनाकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों और उनके सहयोगियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा नहीं मिली तो व्यापारी समुदाय उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

इधर, जिले के बदलियास थाने के सोपुरा (कुड़ी) गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी चोरी करने के साथ मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का पूरा सिस्टम भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।

पीड़ित गोविंद वैष्णव की पत्नी पिंकी वैष्णव द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, पूरा परिवार भीलवाड़ा में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने गया हुआ था। रविवार को परिवार जब घर लौटा तो मुख्य द्वार और अंदर के कमरों के ताले टूटे मिले। चोरों ने अलमारी, पलंग और बक्से के ताले तोड़कर उनमें रखी सामग्री को पूरी तरह बिखेर दिया था।

चोरी हुए सामान में साढ़े चार तोला सोने के भंवरकिया, रामनामी, चार बिस्कुटी मादलिया, टड्ड़ा, डेढ़ किलो चांदी की करगती और ₹50,000 की नकद राशि शामिल है। इसके अलावा एलईडी टीवी और पूरे सीसीटीवी कैमरे का सिस्टम भी चोरी कर लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़लियास पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है, जिसके कारण आए दिन ऐसी चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस द्वारा पुरानी चोरियों का भी अब तक कोई खुलासा नहीं करने से स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

Tags: