तस्वीर में जिला यूनेस्को एसोसिएशन भीलवाड़ा की कार्यकारिणी बैठक के दौरान पदाधिकारी आगामी दीपावली सजावट प्रतियोगिता-2026 की तैयारियों पर चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा में दीपावली के अवसर पर बाजारों की सामूहिक सजावट को प्रोत्साहित करने के लिए जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं जवाहर फाउंडेशन की ओर से दीपावली सजावट प्रतियोगिता-2026 आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के तहत 7 से 9 नवंबर तक शहर के विभिन्न बाजारों का निरीक्षण कर सामूहिक, सर्कल और व्यक्तिगत सजावट की श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया जाएगा।

इस संबंध में जिला यूनेस्को एसोसिएशन भीलवाड़ा की कार्यकारिणी बैठक प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली के सानिध्य और जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से इस वर्ष भी दीपावली सजावट प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने बताया कि यूनेस्को एसोसिएशन पिछले 40 वर्षों से दीपावली सजावट प्रतियोगिता का आयोजन करती आ रही है। यूनेस्को का उद्देश्य सेवा और सद्भाव के साथ क्षेत्रीय परंपरागत रीति-रिवाजों और महापर्वों को बढ़ावा देना भी है। इसी उद्देश्य के तहत प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन के लिए शीघ्र ही निर्णायक समिति गठित की जाएगी।

जिला यूनेस्को एसोसिएशन के सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा ने बताया कि निर्णायक समिति 7 नवंबर से 9 नवंबर तक बाजारों में जाकर विभिन्न क्षेत्रों की सजावट का निरीक्षण करेगी। इस दौरान सामूहिक सजावट, सर्कल सजावट और व्यक्तिगत सजावट श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों का चयन किया जाएगा।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष चेतन मानसिंहका, उपाध्यक्ष पुष्पा सुराणा, नंदकिशोर पारीक, दिनेश अरोड़ा, कोषाध्यक्ष विशाल विजयवर्गीय, सह कोषाध्यक्ष हरनारायण माली, संगठन मंत्री कमलेश जाजू, ओम उज्जवल, गोवर्धन वैष्णव, साधना मेलाना, विद्यासागर सुराणा, डॉ. शांतिलाल छापरवाल और विनोद मेलाना सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Tags: