भीलवाड़ा: बड़लियास के होलीरड़ा में चोरों ने उड़ाए सवा लाख और जेवर
मकान का रोशनदान काटकर घुसे चोरों ने कमरे खंगाले, सोता रहा परिवार, पुलिस जांच और सीसीटीवी पड़ताल में जुटी।
भीलवाड़ा। बड़लियास थाना क्षेत्र के होलीरड़ा गांव में मध्यरात्रि चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब सवा लाख रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के दौरान परिवार घर के बाहर बरामदे में सोता रहा और चोर पीछे से मकान में दाखिल होकर पिता-पुत्र के कमरों को खंगालते रहे।
चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में बने रोशनदान की लोहे की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने पिता-पुत्र के कमरों में रखे सामान को खंगाला और नकदी व सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। परिवार को चोरी की भनक तक नहीं लगी और बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सुबह परिजन कमरों में पहुंचे तो वहां सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। नकदी और जेवर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की खबर फैलते ही पूरे गांव में हलचल मच गई और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलने पर बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के इलाके में सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। वारदात के बाद पुलिस की जांच अब चोरी में शामिल बदमाशों तक पहुंचने पर केंद्रित है।