तस्वीर में भीलवाड़ा सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग जगदीश तेली नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा। बीगोद थाना क्षेत्र में भीलवाड़ा-लाडपुरा मेगा हाईवे स्थित कुड़ी चौराहे के पास पेट्रोल पंप के सामने बुधवार रात ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के दौरान उनकी पत्नी बाइक से उछलकर दूर जा गिरीं, जिससे वह बाल-बाल बच गईं।

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दंपती भीलवाड़ा से बीगोद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार बाइक सहित ट्रेलर के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान जगदीश (60) पुत्र लादूलाल तेली, निवासी होड़ा (मांडलगढ़) के रूप में हुई है। हादसे में उनकी पत्नी मोड़ी देवी उछलकर दूर जा गिरीं और हादसे में बाल-बाल बच गईं। दंपती रिश्तेदार की मौत में बैठने के लिए पुर क्षेत्र गए थे। वहां से लौटते समय कुड़ी चौराहे के पास यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सवाईपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कोटड़ी चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। बीगोद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags: