गंगापुर नगरपालिका कार्यालय में पदभार संभालते हुए पूजा-अर्चना करतीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीति काकाणी।   

गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने गुरुवार को विधिवत नगरपालिका अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर रामपाल उपाध्याय स्टेडियम में भव्य समारोह एवं सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का नगर अध्यक्ष धीरज चंदेल एवं पूर्व पालिका उपाध्यक्ष लखन काकाणी ने मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया। इसके बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीति काकाणी नगरपालिका पहुंचीं और पदभार ग्रहण किया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रीति काकाणी ने कहा कि उनका सपना गंगापुर शहर को ‘फिट गंगापुर’ के रूप में पहचान दिलाना है। शहर के सभी पार्कों की बदहाल स्थिति में सुधार, बेहतर मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध करवाना और नागरिकों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा तथा हर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा।

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि गंगापुर को उच्च शिक्षित महिला नगरपालिका अध्यक्ष मिली हैं। उन्होंने कहा कि नगरपालिका के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी तथा गलत कामकाज पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास होगा। उन्होंने कांग्रेस को गंगापुर में मजबूत स्थिति में बताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर शहर के विकास में भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश चंद्र तेली एवं रेखा चंदेल ने भी समारोह को संबोधित किया। दोनों ने अपने-अपने कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा और शहर में हुए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।

सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि गंगापुर नगरपालिका में कांग्रेस के बोर्ड की हैट्रिक लगना इस बात का संकेत है कि कांग्रेस शासन में करवाए गए विकास कार्यों पर शहर की जनता ने अपनी मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के विश्वास के चलते नगरपालिका में लगातार तीसरी बार कांग्रेस का बोर्ड बना है।

समारोह में संत बाबू गिरी महाराज ने प्रीति काकाणी को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में संगठन प्रभारी देवी लाल अहीर, संयोजक शंकर लाल जाट, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के राष्ट्रीय सचिव श्याम पुरोहित, विष्णु सुवालका, केवीएसएस अध्यक्ष गहरी लाल जाट, शमशुद्दीन रंगरेज, मोहन लाल तिवारी, रतन गुर्जर, राकेश शर्मा, नगर अध्यक्ष धीरज चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रीति काकाणी के कार्यभार संभालने के साथ ही नए नगरपालिका बोर्ड से शहरवासियों को विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीदें बढ़ गई हैं। कार्यभार ग्रहण के दौरान नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने पूजा अर्चना भी की। फोटो: दिनेश चौहान

Tags: