भीलवाड़ा के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए आयात-निर्यात से जुड़ी सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण पहल हुई है। राजस्थान स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (RAJSICO) द्वारा इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी), भीलवाड़ा के पुनः संचालन की तैयारी के तहत 23 सितम्बर 2026 को आईसीडी परिसर, आजाद नगर औद्योगिक क्षेत्र, भीलवाड़ा में व्यापारिक संवाद एवं जागरूकता बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य भीलवाड़ा के उद्योगों एवं व्यापारियों को आईसीडी के माध्यम से उपलब्ध होने वाली आयात-निर्यात सुविधाओं की जानकारी देना तथा उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करना रहा।

बैठक में श्री राहुल देव, महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, भीलवाड़ा, RAJSICO के अधिकारीगण, विभिन्न व्यापारिक संघों के प्रतिनिधियों सहित लॉजिस्टिक्स एवं परिवहन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि, कस्टम हाउस एजेंट्स (CHAs) तथा अन्य संबंधित व्यापार एवं लॉजिस्टिक्स हितधारक शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि आईसीडी भीलवाड़ा लगभग तीन वर्षों के अंतराल के बाद पुनः संचालित किया जा रहा है। इसके पुनः संचालन से भीलवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों के उद्योगों एवं व्यापारियों को आयात-निर्यात के लिए स्थानीय स्तर पर कंटेनर डिपो, माल हैंडलिंग, परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स तथा कस्टम क्लीयरेंस संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

बैठक के दौरान कंटेनर डिपो एवं माल हैंडलिंग, परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं तथा कस्टम क्लीयरेंस एवं दस्तावेजीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्थानीय उद्योगों एवं व्यापारियों की आवश्यकताओं, व्यापारिक समस्याओं और उनके संभावित समाधान को लेकर उपस्थित हितधारकों से सुझाव भी प्राप्त किए गए।

RAJSICO अधिकारियों ने बताया कि आईसीडी के पुनः संचालन का उद्देश्य भीलवाड़ा के उद्योग एवं व्यापार जगत को सुगम एवं प्रभावी आयात-निर्यात सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र के व्यापार को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों से बेहतर रूप से जोड़ना है। आईसीडी के माध्यम से क्षेत्र के निर्यातकों को अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और आयात-निर्यात संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक सुगम बनाया जा सकेगा।

इस अवसर पर उपस्थित व्यापारिक संघों, उद्योग प्रतिनिधियों तथा लॉजिस्टिक्स एवं परिवहन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने आईसीडी के पुनः संचालन का स्वागत किया। साथ ही इसके सुचारू एवं प्रभावी संचालन के संबंध में अपने सुझाव साझा किए। लगभग तीन वर्ष के अंतराल के बाद आईसीडी का पुनः संचालन भीलवाड़ा एवं आसपास के उद्योगों तथा व्यापारियों के लिए स्थानीय स्तर पर आयात-निर्यात से जुड़ी सुविधाओं की उपलब्धता को फिर से स्थापित करेगा।

Tags: