भुसावर-वैर के नरहरपुर में जलभराव से बदहाल रास्ता, कीचड़ में निकली अंतिम यात्रा
भुसावर-वैर विधानसभा के नरहरपुर गांव में जलभराव और कीचड़ से रास्ते बदहाल हैं। वायरल वीडियो में इसी रास्ते से युवक की अंतिम यात्रा मोक्षधाम जाते दिखाई दे रही है, जहां लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तस्वीर में नरहरपुर गांव के ग्रामीण जलभराव और कीचड़ से भरे रास्ते से गुजरते हुए एक शव यात्रा निकालते हुए नजर आ रहे हैं।
भुसावर-वैर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिरस के गांव नरहरपुर में जलभराव के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो रहा है। गांव में हालात इस कदर खराब हैं कि अंतिम यात्रा भी जलभराव और कीचड़ से भरे रास्ते से होकर निकाली जा रही है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवक की मृत्यु के बाद गांव में निकाली जा रही शव यात्रा दिखाई दे रही है। शव यात्रा जिस रास्ते से होकर मोक्षधाम पहुंची, वह रास्ता पूरी तरह कीचड़युक्त और जलभराव से भरा हुआ था। ऐसे में शव यात्रा में शामिल लोगों को रास्ता पार करने के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जलभराव और कीचड़ के कारण रास्ते की स्थिति इतनी खराब थी कि कई बार शव के गिरने की स्थिति भी पैदा हो गई। लोगों को बेहद कठिन परिस्थितियों के बीच शव को लेकर रास्ता पार करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकार विकास की बात करती है, लेकिन गांव में विकास की असली तस्वीर देखने को मिलती है। नरहरपुर में जलभराव और कीचड़युक्त रास्ते के कारण आमजन को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और अब अंतिम यात्रा भी इसी बदहाल रास्ते से होकर निकालनी पड़ रही है।
नरहरपुर में सामने आया यह मामला जलभराव के कारण ग्रामीणों की रोजमर्रा की परेशानियों के साथ-साथ अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक गतिविधियों के प्रभावित होने की स्थिति को भी सामने लाता है।