गंगापुर सिटी में स्कूली छात्र-छात्राएं और शिक्षक शिक्षा विभाग से जुड़े एक कार्यक्रम में नजर आ रहे हैं।

डीग जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियों का आयोजन तेज कर दिया गया है। जिला स्तरीय मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में मतदाता शपथ कार्यक्रम और हस्ताक्षर अभियान चलाकर ग्रामीणों, महिलाओं तथा विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

जिला स्वीप कॉर्डिनेटर धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया जा रहा है। इसके तहत बृजनगर, कुम्हेर और डीग ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुंदावल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरथला और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाबक में मतदाता जागरूकता को लेकर हस्ताक्षर अभियान के साथ मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, कुम्हेर ब्लॉक के गुदावली में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) गतिविधि के अंतर्गत मतदाता शपथ दिलाई गई। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सहभागिता के माध्यम से मतदान के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

इसी क्रम में पंचायत समिति डीग के कार्मिकों ने भी मतदाता जागरूकता गतिविधियों में भाग लेकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। पीईईओ तामरेर के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) गतिविधि के तहत मतदान शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके अतिरिक्त राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दिदावली, ब्लॉक डीग में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अस्तावन में भी निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों और स्टाफ को मतदान की शपथ दिलाई गई।

जिले में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और पंचायत समिति स्तर पर आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से पंचायतीराज आम चुनाव में पात्र मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags: