पुलिस द्वारा जब्त किए गए अवैध पटाखों से भरे प्लास्टिक के कट्टे रखे दिख रहे हैं।

डीग में आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध आतिशबाजी और पटाखों से भरे दो गत्ते के कार्टून तथा पांच प्लास्टिक कट्टे जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई।

पुलिस थाना कोतवाली डीग और डीएसटी टीम डीग ने संयुक्त रूप से अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने पवन कुमार वैश्य निवासी राजा मान सिंह समाधि के पीछे, कस्बा डीग, थाना डीग तथा गोविन्द कुमार कोली निवासी मोरी मोहल्ला, कस्बा डीग, थाना डीग को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर बाजार और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के सामान को जब्त कर दोनों विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से दीपावली पर आतिशबाजी और पटाखे बेचने वाले दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ है।

डीग शहर में रिहायशी इलाकों में आतिशबाजी से जुड़े हादसों का पुराना मामला भी इस कार्रवाई के संदर्भ में महत्वपूर्ण है। वर्ष 2007 में डीग शहर के एक रिहायशी इलाके में आतिशबाजी में आग लगने से लगभग दो दर्जन लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में त्योहारों के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारी है।

Tags: